अल्मोड़ा, 10 सितम्बर। भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत की 138वीं जयंती उनके जन्मस्थान खूंट में बड़े श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह पींचा, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी डॉ. चन्द्र सिंह चौहान समेत अनेक जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय लोगों ने पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि यह अल्मोड़ा और उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि पं. गोविन्द बल्लभ पंत जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी का जन्म यहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पंत जी ने संयुक्त प्रांत के मुख्यमंत्री रहते हुए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू कीं और स्वतंत्रता आंदोलन में अपना अमूल्य योगदान दिया। आज उनके नाम पर देशभर में स्थापित संस्थान शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में राष्ट्र का गौरव बढ़ा रहे हैं।
जिलाधिकारी आलोक कुमार पाण्डेय ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पंत जी हमारे देश की शान थे और उनका संघर्षशील जीवन सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सभी से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा सहित कई वक्ताओं ने पंत जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी और कुशल प्रशासक बताया।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों एवं सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सूचना स्टॉल में लोगों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
जयंती समारोह से पूर्व सुबह चौघानपाटा स्थित पंत पार्क में भी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। यहां वक्ताओं ने पंत जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें कुली बेगार प्रथा और जमींदारी उन्मूलन जैसे आंदोलनों का अग्रदूत बताया। उन्होंने कहा कि पंत जी का संघर्षशील एवं प्रेरणादायी नेतृत्व सदैव देश और प्रदेशवासियों को दिशा देता रहेगा।






