रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने पहाड़ी जिलों में तबाही मचा दी है। सोमवार सुबह रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड हाईवे पर मुनकटिया के पास बड़ा हादसा हो गया। भूस्खलन से गिरे भारी बोल्डर की चपेट में एक यात्री वाहन आ गया, जिससे महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सोनप्रयाग से गौरीकुंड की ओर जा रहा वाहन मुनकटिया भूस्खलन जोन में अचानक बोल्डर की चपेट में आ गया। वाहन में कुल 11 यात्री सवार थे। हादसे में उत्तरकाशी के बड़कोट क्षेत्र के सियालब गांव निवासी 30 वर्षीय रीता पत्नी उदय सिंह और 50 वर्षीय चंद्र सिंह की मौत हो गई। वहीं, नवीन सिंह रावत (35), ममता (29) और प्रतिभा (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से नवीन और ममता की हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सोनप्रयाग अस्पताल ले जाया गया।
लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे गौरीकुंड हाईवे समेत कई मार्गों पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है। जिला प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्कता बरतने और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की अपील की है।






