अल्मोड़ा, 17 सितंबर 2025।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक संचालित किए जा रहे “सशक्त नारी सशक्त परिवार अभियान पखवाड़ा” का शुभारंभ आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी से किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धार (मध्य प्रदेश) से किया और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह की भी शुरुआत की।
धौलादेवी में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “स्वास्थ्य ही देश की उन्नति का आधार है, एक स्वस्थ नारी ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखती है।”
वहीं विधायक जागेश्वर मोहन सिंह मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि नारी का स्वास्थ्य पूरे परिवार की नींव है, इसलिए महिलाओं को सशक्त और जागरूक बनाना बेहद आवश्यक है।
शिविर में लगभग 800 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार, संक्रमणकारी रोगों की परामर्श सेवा, टीबी मुक्त भारत अभियान, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं दवा वितरण जैसी सेवाएं प्रदान की गईं।
आयोजित रक्तदान शिविर में 16 लोगों ने रक्तदान किया। साथ ही समाज कल्याण विभाग द्वारा 25 दिव्यांगजनों को प्रमाणपत्र और 16 कृत्रिम अंग वितरित किए गए।
अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसमें महिलाओं में एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने हेतु टीकाकरण और पोषण कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
जनजागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम का संचालन सहायक खंड विकास अधिकारी केसर सिंह बिष्ट ने किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी रोहित वर्मा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बी.बी. जोशी, सहायक खंड विकास अधिकारी भीम सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष पूरन बिष्ट सहित अन्य लोग भी शामिल रहे।

