हल्द्वानी, 2 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सेवा भारती संस्था द्वारा विजयादशमी पर्व के अवसर पर परंपरागत कन्या पूजन कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। हल्द्वानी जिले के कुल 15 स्थानों पर हुए इस आयोजन में 275 कन्याओं का पूजन किया गया। कार्यक्रम में 77 कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुड़े।
सेवा भारती के जिला मंत्री एडवोकेट सुरेश राणा ने बताया कि हल्द्वानी जिले की 52 बस्तियों में इस वर्ष भी कन्या पूजन का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में 100 से अधिक नागरिक बंधुओं ने भी सेवा भारती के साथ सहभागिता की।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं बल्कि सामाजिक संदेश देने वाला उत्सव है। कन्या पूजन के माध्यम से समाज में समरसता का संदेश दिया जाता है और साथ ही पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष बल दिया जाता है।
कार्यक्रम में किसी भी प्रकार के प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग नहीं किया गया। इसके स्थान पर स्टील के बर्तनों और कागज के गिलासों का प्रयोग किया गया, ताकि पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे और समाज को भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश मिले।






