अल्मोड़ा। देवभूमि की सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित जय गोल्ज्यू महोत्सव 2025 का आयोजन 31 अक्टूबर को श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। दिनभर चले आयोजनों में जहां भजन प्रतियोगिता ने भक्तिमय वातावरण बनाया, वहीं रात्रि कार्यक्रम में देशभर की लोक-संस्कृतियों की झलक और सुरों की मधुर लहरियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दिन में आयोजित भजन प्रतियोगिता में कुल 18 टीमों ने प्रतिभाग किया। कठोर प्रतिस्पर्धा के बीच दीपालय
टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, दुर्गा शक्ति (न्यू इंदिरा कॉलोनी) ने द्वितीय स्थान और कला संस्कृति संगम ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेता टीमों को सम्मानित किया गया।
रात्रि कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य आतिशबाजी और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे अजय वर्मा, मेयर अल्मोड़ा, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में आनंद भोज, प्रकाश बिष्ट, संजय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, अर्जुन बिष्ट, देवेंद्र भट्ट, संदीप श्रीवास्तव, शिवराज बनौला, हितेश नेगी और राहुल बिष्ट उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य रहे।
जम्मू के कलाकारों ने अपने पारंपरिक डोगरी लोकनृत्य की मोहक प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
पंजाब के कलाकारों ने ऊर्जावान गिद्धा नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को जोश से भर दिया।
राजस्थान के कलाकारों ने मनमोहक कालबेलिया नृत्य से मंच पर रंग बिखेर दिए।
इसी क्रम में आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में कुल 13 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें प्रियंगी चंद्रा ने प्रथम, मनीषा ने द्वितीय और प्रगति पंत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रात्रि का मुख्य आकर्षण रही स्टार नाइट, जिसमें प्रसिद्ध लोकगायक नवीन पाठक ने अपनी लोकप्रिय प्रस्तुति “दगड़ी कमला” से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं लोकगायिका दीपिका राज ने अपने मधुर सुरों से समां बांध दिया।
संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान दर्शक उत्साह और उमंग से सराबोर रहे। जय गोल्ज्यू महोत्सव का यह आयोजन उत्तराखण्ड की संस्कृति, लोक परंपरा और आधुनिक मनोरंजन का अद्भुत संगम बनकर लोगों की स्मृतियों में लंबे समय तक जीवंत रहेगा।






