अल्मोड़ा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देशानुसार जनपद में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत महिला कोतवाली द्वारा ग्रामीण महिलाओं को सुरक्षा एवं कानून संबंधी विषयों पर जागरूक किया गया।
सोमवार 03 फरवरी 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली जानकी भण्डारी के नेतृत्व में महिला पुलिस टीम ने सल्ला कपड़खान गांव की महिलाओं के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा से बचाव, साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट जैसी नई ठगी के तरीकों, नशे के दुष्प्रभावों तथा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात नियमों के पालन की विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही हाल ही में लागू हुए नए आपराधिक कानून—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया गया।
महिलाओं को आपात स्थिति में सहायता हेतु डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1090 तथा नशे से संबंधित सूचना देने के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं से पुलिस के साथ सहयोग करने, जागरूक रहने और किसी भी अपराध की सूचना तुरंत देने की अपील की गई। ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।






