रामनगर। उत्तराखंड के रामनगर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-309 पर रामनगर से आगे रिंगोड़ा के पास एक पिकअप वाहन और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान बरेली स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के एनेस्थीसिया विभाग के पीजीजेआर सेकंड ईयर के छात्र-छात्रा डॉ. प्रस्तुति और डॉ. अभिषेक के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों डॉक्टर गर्जिया मंदिर की ओर जा रहे थे, तभी रिंगोड़ा के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान स्थानीय स्तर पर बंजी जंप में कार्यरत कुछ युवाओं ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बिना समय गंवाए दोनों घायलों को अपने निजी वाहन से रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहिद ने बताया कि दुर्घटना सुबह लगभग 7 बजे हुई और करीब 7:30 बजे घायलों को अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि महिला डॉक्टर डॉ. प्रस्तुति के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उनके सिर पर गहरी चोट होने के कारण हड्डियां तक दिखाई दे रही थीं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के तहत उनके सिर पर टांके लगाए गए।
फिलहाल दोनों घायलों का उपचार जारी है और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






