अल्मोड़ा। सोमेश्वर क्षेत्र में हुए दिव्यांग व्यक्ति के जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद विभिन्न शहरों में छिपता फिर रहा था, लेकिन पैसों की तंगी उसे दोबारा अल्मोड़ा ले आई, जहां पुलिस ने उसे धर दबोचा।
📌 घटना का विवरण
दिनांक 24 जनवरी 2026 को कोतवाली सोमेश्वर क्षेत्र के ग्राम रस्यारागांव में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। मृतक की पहचान कुन्दन राम (दिव्यांग) के रूप में हुई। 25 जनवरी 2026 को मृतक के भाई हरीश राम की तहरीर पर आरोपी दीपक पांडे के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 04/2026 धारा 103(1)/352 बीएनएस तथा 3(1)द/3(1)घ/3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
📌 पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के पर्यवेक्षण तथा सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज का गहन अध्ययन, मैनुअल व तकनीकी सर्विलांस और सुरागरसी के जरिए आरोपी की तलाश तेज की।
लगातार प्रयासों के बाद 15 फरवरी 2026 को फरार आरोपी दीपक पांडे को करबला तिराहा, अल्मोड़ा से गिरफ्तार कर लिया गया।
📌 पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 18 जनवरी 2026 की शाम दुकान से घर जाते समय रास्ते में मृतक से आपसी अनबन हो गई थी, जिसके बाद उसने पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद गिरफ्तारी के डर से वह गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और बनारस में छिपता रहा। पैसे खत्म होने पर वह परिचितों से मदद लेने अल्मोड़ा आया, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
📌 बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के घर से घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
📌 पुलिस टीम को सम्मान
मामले का खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए एसएसपी अल्मोड़ा ने टीम को 1000 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।
📌 कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
मदन मोहन जोशी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोमेश्वर
फिरोज खान, अपर उपनिरीक्षक, सर्विलांस सेल
हेड कांस्टेबल हरीश आर्या
कांस्टेबल राजेश भट्ट, एसओजी अल्मोड़ा
कांस्टेबल गोरखनाथ
कांस्टेबल नीरज मेहरा






