अल्मोड़ा, 17 फरवरी 2026। कुमाऊं
आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा तथा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कलेक्टर कोर्ट में लंबित वादों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी को अधीनस्थ न्यायालयों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, बहुमूल्य एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण और डिजिटलीकरण की प्रक्रिया तेज करने को कहा। उन्होंने सभी अभिलेखों पर वर्षवार स्टीकर लगाने तथा आजादी से पूर्व के दस्तावेजों को अलग सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए।
कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने आमजन को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी सेवाएं नागरिकों तक पारदर्शी, त्वरित और जवाबदेही के साथ पहुंचाई जाएं तथा अनावश्यक विलंब से बचा जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं पटल सहायक उपस्थित रहे।





