अल्मोड़ा सल्ट।क्षेत्र के कूपी बेंड के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वाहन के लगभग 60 मीटर गहरी खाई में गिरने से यह दुर्घटना हुई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 को सुबह लगभग 07:25 बजे सूचना मिली कि कूपी बेंड के पास एक वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह पुलिस टीम और आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचकर देखा गया कि वाहन संख्या UK-19B-0880 लगभग 60 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था और उसमें एक व्यक्ति फंसा हुआ था। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी प्रयासों के बाद व्यक्ति को वाहन से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान सुभाष सिंह बिष्ट (35 वर्ष) पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट निवासी कचनाल गाजी, बिजली घर के पास, काशीपुर जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुभाष सिंह बिष्ट मूल रूप से ग्राम सुनवर्मा तल्ला, पटवारी क्षेत्र गुजडू, तहसील धुमाकोट, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले थे और वर्तमान में पीएनबी बैंक थलीसैंण में हेड कैशियर के पद पर कार्यरत थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।





