अल्मोड़ा, 17 मार्च 2026।
जनपद के देघाट क्षेत्र में मंगलवार अपराह्न एक सड़क दुर्घटना में ऑल्टो कार लगभग 20 फीट नीचे खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 17 मार्च 2026 को लगभग शाम 5 बजे थाना देघाट को सूचना मिली कि सिम गांव के पास एक ऑल्टो कार सड़क से नीचे गिर गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष देघाट अजेंद्र प्रसाद पुलिस टीम और आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटनाग्रस्त ऑल्टो कार संख्या UK 01A 3564 के चालक भोपाल सिंह पुत्र बचे सिंह निवासी जनर खड़ी, तहसील स्याल्दे को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल निजी वाहन से पीएचसी स्याल्दे भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई और चालक की जान बचाई जा सकी।





