अल्मोड़ा, 1 अप्रैल 2026।
जिलाधिकारी अंशुल ने बुधवार को अल्मोड़ा मुख्य बाजार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की कमी को देखते हुए शौचालय निर्माण के लिए कई संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपयुक्त स्थानों का चयन करते हुए संबंधित अधिकारियों को शौचालय कॉम्प्लेक्स निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति, झूलते विद्युत तारों और निर्धारित सीमा से बाहर लगने वाले फड़ों पर भी चिंता जताई। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि शहर में नियमित और व्यवस्थित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही बाजार क्षेत्र में झूलते तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करने और फड़ लगाने वालों को निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाने के लिए कहा।
उन्होंने अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के भी निर्देश दिए, ताकि बाजार क्षेत्र में यातायात और जनसुविधा प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का समाधान करना, शहर में बेहतर और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना तथा लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस मौके पर नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।





