अल्मोड़ा (सोमेश्वर), 18 अप्रैल 2026।
सोमेश्वर के प्रसिद्ध रामलीला मैदान में शनिवार को एक बहुउद्देशीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य की कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक रेखा आर्य ने प्रतिभाग कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं और विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान और उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उनका गंभीरता से परीक्षण कर ठोस समाधान किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और कार्य में संवेदनशीलता बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि लापरवाही और गैरजिम्मेदारी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ लाभ भी प्राप्त किया। इस दौरान पांच जरूरतमंद व्यक्तियों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और लाठी जैसे सहायक उपकरण वितरित किए गए।
शिविर में कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश पेयजल, सिंचाई और सड़क से संबंधित थीं। मंत्री ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, तहसीलदार सहित अन्य विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





