हल्द्वानी। हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में देर रात हुई एक सनसनीखेज हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावरों ने 50 वर्षीय मेवा लाल की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक मेवा लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कौशांबी का निवासी था और वन विभाग में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि देर रात टांडा जंगल क्षेत्र में उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या को बेहद बेरहमी से अंजाम दिया जाना बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।





