अल्मोड़ा। आज दिनांक 27 मई 2026 को द्वाराहाट क्षेत्र निवासी एक महिला द्वारा कोतवाली द्वाराहाट में सूचना दी गई कि उसकी 18 वर्षीय पुत्री तड़के लगभग 03:00 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई है। सूचना प्राप्त होते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक द्वाराहाट श्री विनोद जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई प्रारम्भ की गई।
पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, सुरागरसी-पतारसी तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त युवती किसी वाहन से हल्द्वानी की ओर गई है।
इस पर प्रभारी निरीक्षक द्वाराहाट द्वारा त्वरित समन्वय स्थापित करते हुए वाहन का पता लगाया गया तथा कोतवाली भवाली पुलिस को आवश्यक सूचना देकर सहयोग प्राप्त किया गया। तत्पश्चात कोतवाली द्वाराहाट से कांस्टेबल हेमंत सिंह नेगी एवं महिला कांस्टेबल अनीता देवी भवाली पहुंचे और युवती को सकुशल बरामद कर लिया।
युवती को कोतवाली द्वाराहाट लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं काउंसलिंग के उपरांत उसकी माता के सुपुर्द किया गया।
द्वाराहाट पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशील कार्यवाही की परिजनों तथा स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।





