अल्मोड़ा, 03 जून 2026।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 04 जून को प्रस्तावित अल्मोड़ा भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से बुधवार को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके एवं अन्य उच्चाधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य के मद्देनजर पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से पूर्व ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, ड्यूटी क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों का गहन निरीक्षण करने, पहचान पत्र एवं ड्यूटी कार्ड साथ रखने तथा पूरी सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की डीएफएमडी एवं एचएचएमडी के माध्यम से अनिवार्य जांच सुनिश्चित की जाएगी।
सुरक्षा ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के अनावश्यक प्रयोग से बचने तथा ड्यूटी समाप्त होने तक अपने निर्धारित प्वाइंट पर बने रहने के निर्देश भी दिए गए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर स्वप्न किशोर सिंह, क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह, क्षेत्राधिकारी संचार राजीव कुमार टम्टा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर, क्षेत्राधिकारी पिथौरागढ़ जी.बी. जोशी, क्षेत्राधिकारी डीडीहाट उमेश मलिक सहित जनपद एवं गैर जनपद से आए अनेक अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।




