नैनीताल, 09 जून 2026।
विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के कारण लगने वाले यातायात जाम से राहत दिलाने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी क्रम में कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने सोमवार को निर्माणाधीन भवाली–सैनिटोरियम–रातीघाट बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने रातीघाट क्षेत्र में अल्मोड़ा हाईवे को बाईपास मार्ग से जोड़ने के लिए बनाए जा रहे वैली ब्रिज का अवलोकन किया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि ब्रिज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसे आगामी तीन दिनों के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद आवश्यक तकनीकी परीक्षणों के उपरांत बाईपास मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग पर समतलीकरण, संकेतक बोर्ड (साइनेज), सुरक्षा रेलिंग तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित आवागमन की सुविधा मिल सके।
कैंची धाम पार्किंग परियोजना का भी किया निरीक्षण
अपने दौरे के दौरान आयुक्त ने कैंची धाम में संचालित मानस मंदिर माला योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन पार्किंग एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि यहां 330 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें दो मंजिला ढांचे का कार्य पूरा हो चुका है।
वर्तमान में 180 वाहनों की पार्किंग क्षमता तत्काल उपयोग के लिए तैयार है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु बनाए जा रहे पाथवे का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है तथा यातायात और सुरक्षा प्रबंधन के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया है। पार्किंग परिसर से संबंधित ब्रिज एवं अन्य अवसंरचनात्मक कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं।
अधिकारियों ने आयुक्त को अवगत कराया कि पार्किंग सहित सभी निर्माण कार्य आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे, जिससे कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु बन सकेगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय, उप जिलाधिकारी धारी अनुराग आर्या, नवाजिश खलीक, दिव्याशु, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रत्नेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ, यातायात व्यवस्था होगी सुगम
भवाली–सैनिटोरियम–रातीघाट बाईपास मार्ग और कैंची धाम में विकसित की जा रही पार्किंग सुविधाओं के पूर्ण होने के बाद विशेष रूप से पर्यटन सीजन और बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान लगने वाले यातायात दबाव में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा भी अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो सकेगी।





