नैनीताल, 08 जून 2026।
आरसेटी (RSETI) कुंवरपुर, नैनीताल में संचालित 31 दिवसीय टेलर-वूमेन गारमेंट्स (महिला वस्त्र निर्माण) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में जनपद नैनीताल के विभिन्न विकासखंडों एवं क्षेत्रों से कुल 33 युवक-युवतियों ने प्रतिभाग कर वस्त्र निर्माण और स्वरोजगार से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह में सहायक परियोजना निदेशक एवं जिला मिशन प्रबंधक, एनआरएलएम नैनीताल श्रीमती चंदा फर्त्याल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके अनुभवों की जानकारी ली तथा संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए परिधानों की प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए प्रतिभागियों के कौशल, रचनात्मकता और मेहनत की प्रशंसा की तथा उन्हें इस कार्य को स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं से अपने उत्पादों में गुणवत्ता, नवाचार और रचनात्मकता को शामिल करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिलाई एवं वस्त्र निर्माण के साथ-साथ आत्मविश्वास विकास, सकारात्मक सोच, सफल उद्यमी के गुण, बैंकिंग सेवाओं की जानकारी तथा वित्तीय साक्षरता से भी अवगत कराया गया। भ्रमण कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें सफल उद्यमियों से संवाद का अवसर मिला तथा विभिन्न गतिविधियों और खेलों के जरिए उद्यमिता के व्यावहारिक पहलुओं को समझाया गया।
संस्थान के निदेशक अतुल कुमार पांडे ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद भी संस्थान आगामी दो वर्षों तक प्रशिक्षणार्थियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखेगा तथा उन्हें स्वरोजगार, निजी व्यवसाय एवं आय सृजन गतिविधियों के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में आरसेटी के निदेशक अतुल कुमार पांडे, मास्टर ट्रेनर तारा देवी, प्रशिक्षक नरेंद्र सिंह पिलख्वाल एवं एफएलसी काउंसलर सुरेश बिष्ट सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षणार्थियों को सफल भविष्य और आत्मनिर्भर जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है।





