हल्द्वानी, 11 जून 2026।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ने हल्द्वानी स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, प्रवेश एवं निकास पंजिका तथा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। निरीक्षण का उद्देश्य ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना रहा।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पाण्डे सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी निरीक्षण प्रक्रिया में आमंत्रित किया गया था। इस दौरान जगदीश कुमार टम्टा (बसपा), दिनेश खुल्वे (भाजपा), संजू उप्रेती (कांग्रेस), हरिश्चंद्र (कांग्रेस) एवं मनोज शर्मा (कांग्रेस) मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।





