हल्द्वानी, 24 जून। जनपद में अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए बनभूलपुरा पुलिस ने सट्टा खिलाने के आरोप में एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नकदी समेत सट्टा संचालन में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग और गश्त कर रही थी।
इसी दौरान 23 जून को गौला पार्किंग क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को सार्वजनिक स्थान पर सट्टे की खाई-बाड़ी करते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सलमान पुत्र सलीम, निवासी गफूर बस्ती, बनभूलपुरा, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सट्टा पर्चियां, पेन, गत्ता तथा 1,310 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा संख्या 103/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध सट्टा, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल मोहम्मद यासीन और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।





