नैनीताल, 24 जुलाई।
कुमाऊँ मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय नैनीताल का वार्षिक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं और न्यायालयों की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित वादों के निस्तारण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अगले दो माह के भीतर सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, शस्त्र अनुभाग, आरटीआई अनुभाग, राजस्व अभिलेखागार, भू-अभिलेख अनुभाग सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) न्यायालय में खाद्य सुरक्षा अधिनियम, गुंडा नियंत्रण अधिनियम एवं स्टांप अधिनियम से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
आयुक्त ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
राजस्व अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूमि एवं राजस्व अभिलेखों की नकल से संबंधित आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण पर बल दिया। पंजिका का अद्यतन न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन उसी दिन पंजिका में दर्ज किया जाए और नकल समय पर उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण में मिली अनियमितताओं पर संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करने तथा संतोषजनक जवाब न मिलने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने निर्देशित किया कि दोनों अपर जिलाधिकारी प्रत्येक माह राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण करेंगे तथा व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का भी नियमित अवलोकन करेंगे। इसके लिए जिलाधिकारी को रोस्टर जारी करने के निर्देश दिए गए।
शस्त्र एवं खनन अनुभाग के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया तथा सभी उपजिलाधिकारियों को प्रत्येक माह गन हाउस का गहन निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में लंबित वादों के निस्तारण की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इसी प्रकार अपर जिलाधिकारी न्यायालयों में भी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, अपर जिलाधिकारी विवेक राय एवं सौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनिल शर्मा, मुरलीधर सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इससे पूर्व कलक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी ने आयुक्त दीपक रावत का पुस्तक भेंट कर स्वागत किया, जबकि पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।




