सोमेश्वर (अल्मोड़ा), 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सोमेश्वर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने कारगिल युद्ध एवं अन्य सैन्य अभियानों में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वतंत्रता सेनानी हुकुम सिंह बोरा के स्मारक स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद सभी प्रतिभागी जुलूस के रूप में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के सोमेश्वर स्थित आवास पहुंचे, जहां युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता करते हुए राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प पर अपने विचार साझा किए।
युवा संवाद को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और उसकी सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, वह युवाओं की सक्रिय भागीदारी, नवाचार, कौशल और राष्ट्र के प्रति समर्पण से ही साकार होगा। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
रेखा आर्या ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं रोजगार सृजन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार उपलब्ध करा चुकी है तथा आने वाले समय में रोजगार के और अधिक अवसर सृजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पंकज भाकुनी, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख ताकुला राजेंद्र कैड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं युवा उपस्थित रहे।





