हल्द्वानी। हरिपुर जमन सिंह क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद के दौरान अवैध तमंचा लहराने और फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बेलबाबा क्षेत्र के पास जंगल में बने एक खंडहर से धर दबोचा। उसके कब्जे से .32 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर बेलबाबा और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर जंगल में बने खंडहर से हरिद्वारी पुत्र मंगली (55 वर्ष), निवासी हरिपुर जमन सिंह, रामपुर रोड, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 255/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी
.32 बोर का 01 अवैध तमंचा
01 जिंदा कारतूस
गिरफ्तारी टीम
उपनिरीक्षक मनोज कुमार
कांस्टेबल अनिल टम्टा
पुलिस का संदेश: अवैध हथियार रखने और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध नैनीताल पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




