हल्द्वानी, 15 अक्टूबर।
अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष-2026 के अवसर पर ब्लॉक सभागार हल्द्वानी में राष्ट्रीय कृषि प्रसार एवं प्रौद्योगिकी मिशन (नेमेट) के तहत आत्मा परियोजना की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं इससे जुड़ी गतिविधियों में महिलाओं के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने, प्रोत्साहित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष मनाने का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को पहचान दिलाना, उन्हें सम्मानित करना और खेती-किसानी में उनकी भूमिका को और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि महिलाएं खेती, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, बीज संरक्षण, सब्जी उत्पादन और जैविक खेती जैसी गतिविधियों के माध्यम से आजीविका और कृषि अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इसके बावजूद कई बार उनके कार्यों को अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाती। ऐसे आयोजन महिला किसानों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने कहा कि महिलाएं भारतीय कृषि व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। फसल उत्पादन, पशुपालन, कृषि वानिकी, मत्स्य पालन, बागवानी, कटाई से पहले की गतिविधियों, फसल कटाई के बाद प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन तक महिलाओं की भागीदारी अहम है। उन्होंने कहा कि महिला किसान देश की कृषि प्रगति को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विभिन्न सरकारी पहलों के माध्यम से महिलाओं की संसाधनों, आधुनिक तकनीकों और बाजारों तक पहुंच बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे कृषि एवं इससे जुड़ी गतिविधियों में उनकी भागीदारी को और मजबूती मिल रही है।
तीन महिला किसानों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर मंजू तिवारी को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। वहीं कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए दीपा लोशज्ञानी तथा पशुपालन क्षेत्र में योगदान के लिए किरन रावत को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यशाला में ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चन्दा फर्त्याल, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, सहायक उद्यान अधिकारी अर्जुन सिंह परवाल, खंड विकास अधिकारी तनवरी असगर, क्षेत्रीय युवा मंगल दल अध्यक्ष त्रिवेणी गयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं।


