अल्मोड़ा, 4 जून 2025:
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने स्कूल और कॉलेजों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने सभी थानों को स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि छात्राएं सुरक्षित माहौल में शिक्षा प्राप्त कर सकें।
इस अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी (सीओ) गोपाल दत्त जोशी के पर्यवेक्षण में महिला थाना अल्मोड़ा की थानाध्यक्ष निरीक्षक जानकी भण्डारी के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल माया देवी और इंद्रा भट्ट जोशी द्वारा स्कूलों में जाकर छात्राओं को बाल अपराधों, बाल संरक्षण कानूनों और महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी दी जा रही है।
पुलिस टीम ने छात्राओं को यह भी बताया कि अगर कोई व्यक्ति छेड़खानी, अभद्र व्यवहार, पीछा करने या अन्य किसी प्रकार की परेशानी पैदा करता है, तो वे तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या 1090 पर शिकायत दर्ज कर सकती हैं।
साथ ही साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, नवीन कानूनों तथा महिला हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
यह अभियान न केवल सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि छात्राओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।






