चंपावत, 26 सितंबर।
उत्तराखंड के चंपावत जिले से एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पाटी विकासखंड के लफड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को एक बोलेरो वाहन खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, स्वाला मार्ग बंद होने के कारण यात्रियों को लफड़ा होते हुए टनकपुर–चंपावत यात्रा करनी पड़ रही है। इस बीच उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज से पिथौरागढ़ जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में करीब 11 यात्री सवार थे।
वाहन के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकाला। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें पाटी और लोहाघाट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एक घायल को नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्वाला मार्ग को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार वैकल्पिक मार्ग से गुजरने की मजबूरी से राहत मिल सके।






