अल्मोड़ा।
उत्तराखण्ड भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कर्नाटक खोला–रैलापाली–सरकार की आली होते हुए विकास भवन तक प्रस्तावित लिंक मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर स्थानीय विधायक पर झूठा श्रेय लेने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर 2025 को विधायक, अल्मोड़ा द्वारा प्रेस के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया, जबकि इस सड़क की स्वीकृति उनके लंबे संघर्ष का परिणाम है।
अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि जैसे ही सड़क निर्माण की निविदा प्रक्रिया शुरू हुई, स्थानीय विधायक ढोल-नगाड़े पीटकर इस कार्य का श्रेय लेने में जुट गए, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने सवाल उठाया कि विधायक ने इस सड़क के लिए कितने धरना-प्रदर्शन किए, कितने आंदोलन चलाए, सरकार और शासन से कितने पत्राचार किए और विधानसभा में इस मुद्दे पर कितने प्रश्न लगाए—इसका सार्वजनिक रूप से प्रमाण प्रस्तुत किया जाए।
बिट्टू कर्नाटक ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2014 में जैंती-धामद्य अल्मोड़ा में शहीद दिवस के अवसर पर उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री से लोअर माल रोड की जाम समस्या को देखते हुए कर्नाटक खोला–रैलापाली–सरकार की आली होते हुए विकास भवन तक लिंक मोटर मार्ग की आवश्यकता पर स्वीकृति की घोषणा करवाई थी। इसके बावजूद लंबे समय तक लोक निर्माण विभाग और शासन स्तर पर उदासीनता के चलते सर्वे, वन विभाग की अनापत्ति और भूमि मुआवजा प्रक्रिया लंबित रही।
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के लिए उन्होंने लगातार संघर्ष किया, जिसके दस्तावेज मौजूद हैं। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज कराई गईं, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी अल्मोड़ा और लोक निर्माण विभाग को अनेक पत्र भेजे गए, उच्चाधिकारियों से लगातार संपर्क किया गया और आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन भी किया गया।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप वन भूमि हस्तांतरण की सैद्धांतिक स्वीकृति मिली, लोक निर्माण विभाग द्वारा पुनरीक्षित आगणन शासन को भेजा गया, प्रथम चरण के लिए बजट अवमुक्त हुआ और सड़क सर्वे के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई गई। उन्होंने कहा कि प्रथम सर्वे, पेड़ों के चिन्हीकरण और पिलर लगाने के दौरान वे स्वयं स्थानीय जनता के साथ मौके पर मौजूद रहे।
वर्तमान में दूसरे चरण के निर्माण कार्य के लिए राज्य योजना के तहत लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को 76.69 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है।
बिट्टू कर्नाटक ने मीडिया से अपील की कि वे वास्तविक तथ्यों के आधार पर जनता को अवगत कराएं, ताकि कोई भी जनप्रतिनिधि दूसरों के संघर्ष का श्रेय लेकर भ्रामक प्रचार के जरिए जनता को गुमराह न कर सके।
पत्रकार वार्ता में नगर अध्यक्ष भाजपा विनीत बिष्ट, नगर महामंत्री देवेंद्र भट्ट, पार्षद अमित साह (मोनू), पार्षद अभिषेक जोशी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान गौरव काण्डपाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेखा आर्या और भगवत आर्या सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।






