मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नैनीताल दौरा आज, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प पर करेंगे संवाद
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार, 13 अक्टूबर 2025 को जनपद नैनीताल के दौरे पर रहेंगे। प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अपराह्न 2:55 बजे देहरादून स्थित जीटीसी हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और लगभग 3:45 बजे काठगोदाम के गौलापार हेलीपैड पर पहुंचेंगे।
गौलापार पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री धामी अपराह्न 4:00 बजे सूर्यादेवी बैंक्वेट हॉल, खेड़ा चौराहा, गौलापार में आयोजित एक विचार गोष्ठी में शामिल होंगे। इस गोष्ठी का मुख्य विषय “आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प” रहेगा, जिसमें मुख्यमंत्री सोशल मीडिया प्रभारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री सर्किट हाउस काठगोदाम में कुछ समय के लिए विश्राम करेंगे। शाम 7:15 बजे वे कार द्वारा एम.बी.पी.जी. कॉलेज, हल्द्वानी के लिए रवाना होंगे, जहां वे कुमाऊं द्वार महोत्सव 2025 में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग करेंगे।
महोत्सव के समापन के बाद मुख्यमंत्री धामी रात्रि 8:30 बजे सर्किट हाउस, काठगोदाम लौटेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम प्रस्तावित है।
जनपद प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

