अल्मोड़ा। दन्या थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो/फोटो वायरल करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2026 को दन्या क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ सुहेल नामक युवक ने दुष्कर्म किया तथा आपत्तिजनक वीडियो और फोटो वायरल करने व जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना दन्या में एफआईआर संख्या 07/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(M), 351(3) तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 5(1)/6 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित सुरागरसी और तलाश अभियान चलाते हुए आरोपी सुहेल पुत्र मोहम्मद युनुस, निवासी ग्राम बुढ़ानपुर, भगतपुर मुरादाबाद को चापड़ बैंड के पास सड़क से जंगल की ओर जाते समय गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी में थाना दन्या पुलिस टीम के उपनिरीक्षक कमित जोशी, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल पीयूष भट्ट और कांस्टेबल जगत सिंह शामिल रहे।






