हल्द्वानी। शहर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सुशीला तिवारी अस्पताल के पास खड़ी एक कार के अंदर एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बरेली रोड स्थित प्रसिद्ध घूंघट बैंक्वेट हॉल के स्वामी 32 वर्षीय अरुण बिष्ट के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने अस्पताल के पास एक कार को लंबे समय से संदिग्ध हालत में खड़ा देखा। कार के सभी शीशे पूरी तरह बंद थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कार लॉक होने के कारण दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि कार का एसी चालू था और युवक का शरीर ठंडा पड़ चुका था। इसके बाद युवक को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि कार के शीशे बंद होने और लंबे समय तक एसी चलने के कारण कार के भीतर कार्बन मोनोऑक्साइड गैस जमा हो गई, जिससे युवक की मौत हो सकती है। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट सहित कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। चूंकि घटनास्थल मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के नजदीक है, इसलिए खुफिया विभाग भी मामले पर नजर बनाए हुए है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।





