हल्द्वानी। जिला पंचायत से जुड़े गैंगमेटों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को डीएम कार्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने किया। इस दौरान गैंगमेटों ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को ज्ञापन सौंपकर नियमित रोजगार और न्यूनतम मजदूरी के अनुसार भुगतान की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे गैंगमेटों का कहना है कि वे पिछले 25 से 30 वर्षों से लगातार गैंग में कार्य कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान में उन्हें पूरे वर्ष काम नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि अब केवल बरसात के समय लगभग तीन माह के लिए ही काम दिया जाता है, जबकि पहले पूरे वर्ष विभिन्न कार्यों में गैंग लगाए जाते थे।
गैंगमेटों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार उन्हें चुनाव और अन्य सरकारी कार्यों में लगाया गया, लेकिन इसके बदले मात्र 350 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया गया, जो न्यूनतम मजदूरी से भी कम है। प्रदर्शनकारियों ने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए सरकार और प्रशासन से न्याय की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 28 जनवरी 2026 को हुई जिला पंचायत की बैठक में जिला पंचायत सदस्य संजय बोरा ने भी यह मुद्दा उठाया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गैंगमेटों ने प्रशासन से मांग की कि पूर्व की व्यवस्था के अनुसार उन्हें पूरे वर्ष नियमित रोजगार उपलब्ध कराया जाए और न्यूनतम मजदूरी के अनुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





