अल्मोड़ा| नगर में तेंदुए की दहशत बढ़ती जा रही है| तेंदुए बेखौफ दिन-दहाड़े घरों में पहुंचने लगे हैं| ऐसा ही एक मामला ढ़ूगाधारा मोहल्ले से सामने आया है, जहां एक मकान की छत में दो तेंदुए चढ़ गए| जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैली हुई है| मकान स्वामी और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर तेंदुए को वहां से भगाकर राहत की सांस ली|मिली जानकारी के अनुसार, ढ़ूगाधारा निवासी सेवानिवृत्त मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रमेश चंद्र तिवारी मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे छत पर टहलने निकले| छत पर पहुंचते ही उन्हें वहां दो तेंदुए नजर आए| उन्होंने परिजनों को छत पर तेंदुए होने की सूचना दी| फिर आसपास के लोगों तक खबर पहुंची तो वे मौके पर वहां पहुंचे| सभी के शोर मचाने के बाद भी दोनों तेंदुए छत पर चहलकदमी करते रहे| काफी देर बाद वे वहां से भागे तो लोगों ने राहत की सांस ली|लोगों का कहना है कि इससे पूर्व भी तेंदुए उनके घर की गली में घुस गया था|
दिनदहाड़े तेंदुए की आबादी में पहुंचने से पूरे नगर क्षेत्र में लोगों में दहशत फैली हुई है|अल्मोड़ा के आसपास कई गांवों में भी तेंदुए का आतंक बरकरार है| तेंदुए लोगों के पालतू जानवरों को अपना शिकार बना रहा है| अल्मोड़ा के भैसियाछाना ब्लॉक के डूंगरी गांव में दिनदहाड़े दो तेंदुए देखें गए हैं| ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए ने गांव के कई पालतू जानवरों को अपना निवाला बना लिया है, जिससे गांव में दहशत बनी हुई है|वही, गांव से स्कूल दूर होने और बीच में जंगल आने के कारण बच्चों को भी तेंदुए का डर सता रहा है क्योंकि तेंदुए दिनदहाड़े बेखौफ रास्ते में घूम रहे हैं| ऐसे में स्कूली बच्चों को लेकर माता-पिता परेशान है|






