अल्मोड़ा। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर देवभूमि रंगमंच द्वारा तक्षशिला स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या मानसी भारद्वाज द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में कुमाऊँनी संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। कुमाऊँनी होली, झोड़ा नृत्य और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
देवभूमि रंगमंच के ग्रुप लीडर अमित भट्ट (मोहन ददा) के नेतृत्व में कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। संगीत की मधुर धुनों ने पूरे माहौल को होली के रंगों से सराबोर कर दिया। हारमोनियम पर प्रदीप कुमार, तबले पर अमर बोरा तथा आटोपोड पर देवांग रौतेला ने बेहतरीन संगत की।
फेमिली सिंगर किरन चौपरा, काजल भारती, राहुल जोशी, भूमिका काण्डपाल, रिया काण्डपाल ने अपने सुरों से समां बांध दिया। वहीं डांस कलाकार संदीप सिंह नयाल और मिनू सुपयाल ने शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
पूरा कार्यक्रम पारंपरिक होली गीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बना बल्कि कुमाऊँनी संस्कृति और लोक परंपराओं को सहेजने का एक सुंदर प्रयास भी सिद्ध हुआ।






