Mukteshwar Flower Festival: उत्तराखंड का मुक्तेश्वर इन दिनों बुरांश के लाल फूलों से गुलजार है. मार्च के महीने में जब पहाड़ इन फूलों की लालिमा से सजते हैं, तो पर्यटकों का तांता लग जाता है. इसी आकर्षण को देखते हुए पर्यटन विभाग ने मुक्तेश्वर में एक भव्य ‘फ्लावर फेस्टिवल’ आयोजित करने की योजना बनाई थी, जिसे विभाग के वार्षिक कैलेंडर में भी जगह मिली थी. लेकिन अफसोस, बजट की स्वीकृति में देरी के कारण यह उत्सव अब तक धरातल पर नहीं उतर पाया है. स्थानीय व्यापारियों को डर है कि अगर अगले 10-15 दिनों में फैसला नहीं लिया गया, तो फूलों के झड़ने के साथ ही मुक्तेश्वर को राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाने का यह सुनहरा मौका भी हाथ से निकल जाएगा.






