अल्मोड़ा, 10 फरवरी 2026
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज राजकीय चारा एवं बीज उत्पादन प्रक्षेत्र भैंसवाड़ा का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों, गौशाला तथा निर्माणाधीन गौशाला का जायजा लिया और निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि शासन द्वारा गौशाला विस्तार को स्वीकृति प्रदान की गई है, इसलिए अधिकारी गंभीरता और तत्परता से कार्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मौके पर रहकर विस्तृत ड्राइंग एवं कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला निर्माण संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए तथा अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से पीछे न हटें।
100 गाय क्षमता वाली प्रस्तावित गौशाला के संबंध में उन्होंने कहा कि इसके निर्माण से क्षेत्र में आवारा गोवंश की समस्या का काफी हद तक समाधान संभव होगा। इसके अलावा जिलाधिकारी ने इसी क्षेत्र में एक अन्य गौशाला के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए और बताया कि यह स्थान गौशाला निर्माण के लिए उपयुक्त है।
जिलाधिकारी ने भैंसवाड़ा फार्म तक पहुंच मार्ग का भी संज्ञान लेते हुए सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर आगणन बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित अन्य गतिविधियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान पशुपालन विभाग एवं कार्यदायी संस्था जिला पंचायत के अधिकारी सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।





