अल्मोड़ा। जनपद में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री मिशन के तहत थाना सल्ट और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कबाड़ से भरी पिकअप में गांजा तस्करी कर रहे तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 4.58 लाख रुपये कीमत का 18.350 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 16 फरवरी 2026 को संयुक्त पुलिस टीम ने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पास चेकिंग के दौरान कबाड़ से भरी पिकअप वाहन संख्या UK19-CA-0992 को रोका। चालक द्वारा वाहन में कबाड़ होने की बात कही गई, लेकिन तलाशी लेने पर एक कट्टे में गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ग्राम घनियाल से रामनगर ले जा रहे थे, जहां इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपी
गुलजार (19 वर्ष), निवासी टांडा, थाना रामनगर, जिला नैनीताल
नासिर हुसैन (39 वर्ष), निवासी ग्राम पूछड़ी, थाना रामनगर, जिला नैनीताल
मोहम्मद आजम (25 वर्ष), निवासी ठाकुरद्वारा, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश)
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी नासिर हुसैन के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
बरामदगी
18.350 किलोग्राम गांजा
अनुमानित कीमत: 4,58,750 रुपये
पुलिस टीम अब गांजा खरीद-फरोख्त के स्रोतों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।






