अल्मोड़ा, 7 जनवरी 2026।
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड धौलादेवी की न्यायपंचायत पानुवानौला में गांधी इंटर कॉलेज परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही करना रहा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।
शिविर में समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, पंचायतीराज, कृषि, उद्यान, विद्युत, पेयजल सहित अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन विभागों के माध्यम से 900 से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में कई लोगों के आधार कार्ड व ई-श्रम कार्ड बनाए गए, वहीं पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए।
शिविर में पहुंचे राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष दिनेश आर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की मूल भावना के अनुरूप लोगों को अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ दिया जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शिविर में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना तथा लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और ऐसे कार्यक्रमों से शासन एवं जनता के बीच की दूरी कम हो रही है।
शिविर में कुल 83 शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित पंजीकृत की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों को अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। अधिकतर शिकायतें पेयजल से संबंधित होने पर जिलाधिकारी ने पेयजल निगम, जल संस्थान एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर जल समस्या के स्थायी समाधान हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट, अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






