अल्मोड़ा, 11 फरवरी। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत पानुवानौला में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अब तक अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रस्ताव को पोर्टल पर अपलोड करने से पूर्व सभी आवश्यक औपचारिकताएं और विभागीय प्रक्रियाएं पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रस्ताव अपलोड करने से पहले वन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उसका परीक्षण अवश्य करा लिया जाए, ताकि किसी भी त्रुटि या आपत्ति के कारण अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्यवाही पूरी कर पार्किंग निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि पानुवानौला क्षेत्र में पार्किंग निर्माण से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी, इसलिए इस परियोजना में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप धौलाखंडी, कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





