अल्मोड़ा | 15 फरवरी
जनपद अल्मोड़ा पुलिस को नया नेतृत्व मिल गया है। नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी चन्द्रशेखर आर. घोड़के (IPS) ने आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करते हुए जनपद पुलिस की कमान संभाल ली।
कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने सलामी ग्रहण की तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर आयोजित पहली प्रेस वार्ता में एसएसपी घोड़के ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि टीम वर्क के साथ जनपद अल्मोड़ा को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचाने और नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को पुनः मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रभावी अभियान चलाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ ट्रैफिक प्रबंधन, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, महिला सुरक्षा को मजबूत करना तथा जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से जनता को जागरूक करना उनकी कार्ययोजना का अहम हिस्सा रहेगा।
इससे पूर्व घोड़के एसपी बागेश्वर तथा एसपी क्राइम/यातायात ऊधमसिंह नगर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और अपने अनुभव के आधार पर अल्मोड़ा पुलिस को और अधिक प्रभावी व जनहितकारी बनाने का लक्ष्य लेकर आए हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा तथा अपराध नियंत्रण के लिए सख्त और प्रभावी कदम उठाए जायेंगे।





