अल्मोड़ा। नगर के बीचोबीच बाटा चौक पर सोमवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब अराजक तत्वों ने एक युवा व्यापारी पर सरेराह चाकू से हमला कर दिया। हमले में व्यापारी दीपक जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, बाटा चौक पर रामदत्त जोशी स्टेशनरी नामक दुकान है। सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे व्यापारी दीपक जोशी दुकान के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक व्यक्ति से उनका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर में मौके पर अन्य युवक भी पहुंच गए और विवाद बढ़ने पर अज्ञात युवक ने दीपक पर चाकू से वार कर दिया।
शोर सुनकर दीपक के भाई जगदीश जोशी मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार दीपक के हाथ में पांच टांके आए हैं जबकि कंधे पर भी गहरा घाव है। जगदीश भी घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हमले पर कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि आरोपी पहले भी कई घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस बार पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की, तो व्यापारी वर्ग आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस संबंध में कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि घायल पक्ष की तहरीर प्राप्त हो चुकी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
👉 अल्मोड़ा शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात से व्यापारियों और आमजन में दहशत फैल गई है।

