अल्मोड़ा, 12 मार्च। जिले में बाहरी व्यक्तियों, मजदूरों और किराएदारों के सत्यापन को लेकर पुलिस का “ऑपरेशन क्रैक डाउन” अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत थाना दन्या पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाते हुए बिना पुलिस सत्यापन किराएदार रखने पर एक मकान मालिक का ₹5000 का चालान किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बाहरी मजदूरों, फड़-फेरी लगाने वालों और किराएदारों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थाना दन्या के थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में विशेष सत्यापन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में रह रहे 50 बाहरी किराएदारों और मजदूरों का सत्यापन किया। जांच के दौरान एक मकान मालिक द्वारा बिना पुलिस सत्यापन के किराएदार रखने की पुष्टि होने पर उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत ₹5000 का नगद चालान किया गया।
पुलिस ने इस दौरान आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी बाहरी व्यक्ति को किराए पर रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई व्यक्ति बिना सत्यापन के किराए पर रहता हुआ पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






