भीमताल (नैनीताल)।
आज 16 दिसंबर 2025 को विकासखंड भीमताल, जनपद नैनीताल में ब्लॉक स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रानीबाग में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।
कार्यक्रम की आयोजक खंड शिक्षा अधिकारी भीमताल केना चौहान ग्रोवर रहीं। स्थल संयोजन की जिम्मेदारी प्रधानाचार्य निधि मेहरा ने निभाई। ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मीना डंगवाल एवं सहायक कोऑर्डिनेटर धीरेंद्र मिश्रा रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एम.बी. पी.जी. कॉलेज, हल्द्वानी के राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. नवीन शर्मा रहे। निर्णायक मंडल में विभिन्न विकासखंडों से आए ललित पांगती, आशुतोष द्विवेदी एवं असमा परवीन शामिल रहे, जिन्होंने निष्पक्ष रूप से परिणामों की घोषणा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. नवीन शर्मा, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मीना डंगवाल, सहायक कोऑर्डिनेटर धीरेंद्र मिश्रा, प्रधानाचार्य निधि मेहरा तथा निर्णायक मंडल के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक अध्यापक गोपाल गुणवंत द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज पटवाडांगर, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज हैड़ाखान, राजकीय इंटर कॉलेज अमिया, राजकीय इंटर कॉलेज नौकुचियाताल, राजकीय इंटर कॉलेज दोगड़ा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज खुर्पाताल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीमताल एवं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
परिणामों के अनुसार प्रथम स्थान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज खुर्पाताल, द्वितीय स्थान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीमताल तथा तृतीय स्थान आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज पटवाडांगर ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मीना डंगवाल ने युवा संसद प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।
मुख्य अतिथि डॉ. नवीन शर्मा ने अपने संबोधन में सरकारों के विभिन्न स्वरूपों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक व्यक्ति द्वारा किया जाने वाला शासन राजतंत्र, कुछ विशिष्ट व्यक्तियों द्वारा किया जाने वाला शासन कुलीनतंत्र तथा समस्त नागरिकों द्वारा किया जाने वाला शासन लोकतंत्र कहलाता है। उन्होंने कहा कि संसदीय शासन प्रणाली लोकतंत्र का आधार है, जिसमें जनता अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से शासन करती है।
डॉ. शर्मा ने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा संसद एक मंचन है, जहां हार-जीत नहीं बल्कि सीखने की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जो टीमें स्थान प्राप्त नहीं कर पाईं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सफलता के लिए धैर्य और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छी आदतें अपनाने, सामाजिक समरसता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के ईमानदार निर्वहन के लिए भी प्रेरित किया।
अंत में आयोजक मंडल द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।






