देहरादून, शनिवार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में पंजाब नेशनल बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान बैंक ने उत्तरकाशी जिले के धराली एवं हर्षिल क्षेत्र में आई आपदा के राहत कार्यों के लिए ₹1 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने इस योगदान के लिए पीएनबी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता एवं पुनर्वास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में संस्थाओं का आगे आना उनकी संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि धराली क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।
इस अवसर पर अपर सचिव मनमोहन मेंनाली, पीएनबी के जी.एम. अनुपम, ए.जी.एम. अजित कुमार उपाध्याय तथा चीफ मैनेजर सर्वेश उपस्थित रहे।

