अल्मोड़ा, 13 मार्च।
सोमेश्वर क्षेत्र के ग्राम पच्चीसी के पास शुक्रवार तड़के एक स्कॉर्पियो वाहन के खाई में गिरने से दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
जानकारी के अनुसार डायल 112 के माध्यम से रात करीब 1:05 बजे सूचना मिली कि वाहन संख्या UK 01 TA 3561 ग्राम पच्चीसी के पास लगभग 60 मीटर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोमेश्वर मदन मोहन जोशी पुलिस बल और रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर ग्रामीणों की मदद से वाहन चालक और उसके साथी को खाई से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक चिकित्सालय कौसानी भेजा गया। दोनों को हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इसके बाद स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने वाहन में अन्य किसी व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए सर्च अभियान चलाया, लेकिन वाहन में कोई अन्य व्यक्ति नहीं मिला।
घायलों का विवरण:
राजेंद्र (32 वर्ष), पुत्र बहादुर राम, निवासी छानी सोमेश्वर – चालक
प्रकाश (32 वर्ष), पुत्र प्रताप राम, निवासी रनमन
पुलिस के अनुसार वाहन के खाई में गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।





