देवप्रयाग/पौड़ी। उत्तराखंड के देवप्रयाग–पौड़ी मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। कुंडाधार के समीप हरिद्वार से पौड़ी जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग राहत-बचाव के लिए दौड़ पड़े।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। वाहन में कुल छह से सात लोगों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है। इसी को देखते हुए एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा खाई में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रही कार कुंडाधार के पास अचानक चालक का नियंत्रण खोने से सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। साथ ही पुलिस और प्रशासन को तत्काल सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा दुर्गम खाई में उतरकर राहत अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद अब तक पांच शव बरामद किए जा चुके हैं। गंभीर रूप से घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है। रेस्क्यू टीमें खाई में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं, ताकि वाहन में सवार अन्य लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सके। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा यातायात नियमों का पालन करें।




