अल्मोड़ा, 01 अक्टूबर 2026। सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (मेडिकल कॉलेज), अल्मोड़ा के रक्तकेंद्र (ब्लड बैंक) में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में एमबीबीएस छात्र-छात्राओं, एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल विद्यार्थियों एवं कार्मिकों सहित कुल 20 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को राज्य रक्त संचरण परिषद (SBTC) एवं मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक की ओर से उपहार तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविर में रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद ही सुरक्षित रूप से रक्तदान कराया गया। सभी रक्तदाताओं को जलपान के साथ उपहार स्वरूप स्कूल बैग भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जी.एस. तितियाल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.सी. पुनेरा, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अनिल पांडेय, वित्त नियंत्रक अमित त्रिपाठी एवं रक्तकेंद्र प्रभारी डॉ. आशीष जैन ने युवाओं और छात्र-छात्राओं को रक्तदान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त एवं रक्त अवयव उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.सी. पुनेरा ने बताया कि स्वैच्छिक रक्तदाताओं के सहयोग से सितंबर माह में मेडिसिन विभाग में भर्ती सर्पदंश पीड़ित 42 वर्षीय महिला मरीज के उपचार के लिए 30 यूनिट एफएफपी और 16 यूनिट प्लेटलेट्स उपलब्ध कराए गए। इसी क्रम में बाल रोग विभाग में गंभीर अवस्था में भर्ती सर्पदंश पीड़ित 11 वर्षीय बालिका के लिए 8 यूनिट एफएफपी की समय पर व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं के निस्वार्थ सहयोग से ही ऐसे गंभीर मरीजों के उपचार में समय पर रक्त एवं रक्त अवयव उपलब्ध कराना संभव हो पाता है।
प्राचार्य डॉ. जी.एस. तितियाल ने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचाने से बड़ा कोई पुनीत कार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि युवाओं एवं भावी चिकित्सकों द्वारा किया गया स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए प्रेरणादायी है। एसबीटीसी और ब्लड बैंक की ओर से रक्तदाताओं को सम्मानित करना उनके निस्वार्थ सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रयास है।
शिविर के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं में हेम बहुगुणा, नीलम रावत, निशा धामी, शुभम पोखरियाल, भाष्कर पाण्डेय, पूजा गैड़ा एवं पवन टकोला सहित अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।



