अल्मोड़ा, 17 सितम्बर 2025।
पुलिस लाइन अल्मोड़ा में आज निर्माण एवं सृजन के देवता भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती बड़े ही श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। सीओ अल्मोड़ा श्री गोपाल दत्त जोशी मय धर्मपत्नी एवं पुलिस बल की उपस्थिति में विधि-विधान से पूजा-अर्चना सम्पन्न हुई।
पूजन उपरांत शस्त्रों, औजारों व मशीनों की विशेष पूजा की गई। इसके पश्चात सभी पुलिस कर्मियों को प्रसाद एवं मिष्ठान वितरित कर विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दी गईं।
इसी क्रम में जनपद अल्मोड़ा के समस्त थाना/चौकी, फायर स्टेशन, जिला नियंत्रण कक्ष एवं अन्य शाखाओं में भी भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पण तथा शस्त्रों व औजारों का पूजन किया गया।
भगवान विश्वकर्मा को विश्व का प्रथम अभियंता माना जाता है। प्राचीन शास्त्रों में वर्णित है कि उन्होंने मानव को सुख-सुविधाएं प्रदान करने हेतु यंत्रों, औजारों तथा शक्ति-संपन्न भौतिक साधनों का निर्माण किया। वैमानिक विद्या, यंत्र निर्माण विद्या और नव विद्या जैसे महत्वपूर्ण ज्ञान का उपदेश भी भगवान विश्वकर्मा ने दिया था।

