अल्मोड़ा | 4 अप्रैल 2026
अल्मोड़ा बाजार में एक विदेशी महिला का महिला शौचालय को लेकर बनाया गया वीडियो वायरल होने के बाद अब इस मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने इस पूरे मामले को विपक्ष की “सोची-समझी राजनीतिक साजिश” बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए विदेशी महिला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में प्रसारित कर रहे हैं, जिससे अल्मोड़ा और नगर निगम की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। कर्नाटक ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो विपक्ष आज नगर निगम पर उंगली उठा रहा है, वह यह बताए कि पिछले 25 वर्षों तक नगर पालिका की कुर्सी पर बैठी कांग्रेस ने शहर में महिला शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा क्यों नहीं विकसित की।
कर्नाटक ने कहा कि जो लोग आज विदेशी महिला के पास जाकर वीडियो बना रहे हैं, यदि वे सच में अल्मोड़ा के हितैषी होते तो पहले उस महिला की मदद करते, उसे अपने घर या किसी होटल में ले जाकर समस्या का समाधान कराते। लेकिन इसके बजाय उन्होंने वीडियो बनाकर शहर की छवि खराब करने का काम किया।
भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष आज नगर निगम के एक वर्ष के कार्यकाल पर सवाल उठा रहा है, जबकि उन्हें पहले अपने पच्चीस वर्षों के कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद विपक्ष के पालिकाध्यक्ष शहर को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं दे पाए।
कर्नाटक ने कहा कि जो लोग अपने कार्यकाल में नगर के लिए ठोस काम नहीं कर पाए, वे अब अपनी विफलताओं का ठीकरा नगर निगम और मेयर के सिर फोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता सब समझ रही है और सच्चाई को पहचानती है।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की छवि को राजनीतिक स्वार्थ के लिए बदनाम करने वालों को जनता जल्द जवाब देगी।






