अल्मोड़ा। दिनांक 27/5/2026 उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी (सतत विकास लक्ष्य) एचीवर्स अवार्ड समारोह में प्रदेशभर से आए नवाचारियों, संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विकास, नवाचार और जनकल्याण का उत्सव देखने को मिला। समारोह में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों एवं समूहों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान उन कर्मयोगियों के लिए है जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने संकल्प, परिश्रम और नवाचार से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में विकास और पर्यावरण दोनों का संतुलन बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है, लेकिन “इकोलॉजी और इकोनॉमी” की सोच के साथ राज्य लगातार आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए उत्तराखंड निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए बताया कि जो उत्तराखंड कभी नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में 10वें स्थान पर था, वही आज देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ राज्य सरकार योजनाबद्ध ढंग से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि और प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी आई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण, ग्रीन एनर्जी और बिजली उत्पादन जैसे क्षेत्रों में तेजी से हुए विकास का असर अब रिवर्स पलायन के रूप में दिखाई दे रहा है। लोग अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री Ajay Tamta ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड का शीर्ष स्थान प्राप्त करना राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव नियोजन एवं सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस (CPPGG) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने एसडीजी की अवधारणा, उपलब्धियों और सम्मानित अवॉर्डियों की जानकारी विस्तार से दी। वहीं जिलाधिकारी Anshul Singh ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आमजन का स्वागत करते हुए कहा कि जनपद के समग्र विकास और जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
एसडीजी की वार्षिक जिला रैंकिंग में रुद्रप्रयाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री गंगा बिष्ट एवं गोविंद पिलख्वाल, सदस्य पलायन आयोग अनिल सिंह साही, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मेयर अजय वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Chandrashekhar R Ghodke सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।





