नैनीताल, 03 जून 2026।
जनपद नैनीताल में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, प्रवासियों एवं आगंतुकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं के सम्मान की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान जनपद में बढ़ती पर्यटक गतिविधियों के बीच सभी आगंतुकों की यह जिम्मेदारी है कि वे अपने वाहनों को सड़क किनारे अनियोजित ढंग से खड़ा न करें तथा केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से यातायात जांच एवं निगरानी अभियान संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में सभी पर्यटक प्रशासन का सहयोग करें और यातायात नियमों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय रीति-रिवाजों और पारंपरिक मूल्यों का सम्मान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और अतिथि सत्कार के लिए देश-विदेश में विशिष्ट पहचान रखता है। यहां आने वाले पर्यटकों को इस विरासत के संरक्षण में भी सहभागी बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनपद नैनीताल में आने वाले सभी पर्यटकों का जिला प्रशासन हृदय से स्वागत करता है। पर्यटक यहां की मनोहारी प्राकृतिक छटा एवं समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का आनंद लेने के साथ-साथ अपने साथ सुखद अनुभव और सकारात्मक संदेश भी लेकर जाएं।
जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग, नगर निकायों, जिला पंचायत, पेयजल तथा पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी प्रमुख मार्गों एवं पर्यटन स्थलों पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ पार्किंग स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।





